नाले का पानी पीने के लिए मजबूर हैं ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मनाली विधानसभा क्षेत्र की नथान पंचायत के बाशिंदों को साफ पेयजल मुहैया नहीं हो रहा है। लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि इस संबंध में कई बार आईपीएच विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया, बावजूद इसके इस संबंध में विभाग कोई पहल नहीं कर रहा है। लोगों ने दावा किया है कि उन्हें नाले के पानी की सप्लाई की जा रही है। लोगों के अनुसार पंचायत के नशाला वार्ड और दलान वार्ड में नाले से ही आईपीएच विभाग सप्लाई कर रहा है। ऐसे में गंदा पानी पीने से बीमारियां फैलने का संशय बना हुआ है।
नशाला वार्ड के पंच रेवत राम और दलान वार्ड की पंच विद्या देवी ने कहा कि इस संबंध में कई बार पंचायत की ओर से आईपीएच विभाग को प्रस्ताव भेजा गया। बावजूद इसके भी आईपीएच विभाग लोगों को स्वच्छ पानी मुहैया नहीं करवा रहा है। ऐसे में विभाग के लापरवाही से कभी भी गांव के लोग पीलिया जैसी बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीण तेजपाल, महेंद्र, नारायण, कीर्ति सिंह और प्रताप आदि का कहना है कि उन्हें दस सालों से नाले के पानी की आपूर्ति की जा रही है। इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को अवगत भी करवाया है, लेकिन विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग को चेताया है कि मामले को जल्द हल न किया गया तो सड़कों पर उतरने गुरेज नहीं करेंगे। इस संबंध में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता केआर कुल्वी का कहना है कि समस्त सप्लाई प्राकृतिक स्रोतों से की जा रही है, फिर भी अगर ऐसा मामला है तो इस बारे में संबंधित क्षेत्र के एसडीओ को दिशा-निर्देश शीघ्र जारी जारी किए जाएंगे और तमाम खामियों को दुरुस्त किया जाएगा। जिससे लोगों को साफ पीने का पानी मुहैया हो सके। पंचायत के लोगों का दावा है कि पेयजल की आपूर्ति नाले से सीधी हो रही है। विभाग ने न ही पेयजल के लिए भंडारण टैंक बनाया गया है और न ही फिल्टर का कोई प्रावधान है। ऐसे में वे मटमैला पानी पीने के लिए विवश हैं।