रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। दो दिनों तक लगातार मौसम खराब रहने के बाद सोमवार को धूप खिली। इससे जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के लोगों ने राहत की सांस ली। साथ ही अटल टनल रोहतांग पार कर सैकड़ों पर्यटक लाहौल पहुंचे।
पर्यटकों ने अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, सिस्सू और कोकसर में बर्फ के बीच मस्ती की। दिन के समय इन जगहों पर पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। खिली धूप के बीच पर्यटक बर्फ को देखकर काफी खुश नजर आए। कुछ सैलानियों ने स्कीइंग का भी लुत्फ उठाया।
सिस्सू हेलीपैड में भी पर्यटकों ने झील और पलदान लाहमो वाटर फाल के नजारे को अपने कैमरे में कैद किया। पर्यटकों ने झील के किनारे बैठकर मनोरम दृश्य को निहारा। पर्यटकों ने इस खूबसूरत नजारे को अपने कैमरों में भी कैद किया। कुछ सैलानी वीडियो कॉल कर अपने रिश्तेदारों और परिवारों को बर्फ दिखाते नजर आए। गौर रहे कि येलो अलर्ट के बीच प्रशासन ने अटल टनल रोहतांग से पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। इससे कोकसर और सिस्सू पंचायत में दो दिनों तक सन्नाटा पसरा रहा। लेकिन सोमवार को अनुमति मिलते ही बर्फ देखने की चाह में अटल टनल रोहतांग से सैकड़ों पर्यटक वाहन नॉर्थ पोर्टल, कोकसर और सिस्सू हेलीपैड पहुंचे। सैलानियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-तीन के आसपास बर्फ में खूब मस्ती की। एसपी मानव वर्मा ने कहा कि अटल टनल रोहतांग से पर्यटक वाहनों को लाहौल की तरफ छोड़ा गया है। पर्यटकों से ऊंचाई वाले स्थानों की ओर न जाने की अपील की गई है।