सिस्सू में बर्फ का आनंद लेते सैलानी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। दो महीने के लंबे अंतराल के बाद अटल टनल रोहतांग को पार कर नॉर्थ पोर्टल और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सिस्सू के हेलीपैड में पर्यटकों की रौनक लौट आई है। सड़क की स्थिति ठीक नहीं होने पर प्रशासन ने पर्यटकों को केवल फोर बाई फोर वाहनों में ही टनल से प्रवेश करने की अनुमति दी है।
मंगलवार को सैलानियों ने नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू में बर्फ से लकदक घाटी को निहारा। सड़क के दोनों ओर बर्फ की 10 से 15 फुट मोटी परत को देखकर सैलानी गदगद हो गए। इस बीच पर्यटकों ने भी खूब मस्ती की। नॉर्थ पोर्टल में एटीवी की सवारी का भी मजा लिया और सिस्सू में जिपलाइन, साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया।
सैलानी सोलंगनाला से धुंधी की सर्पीली सड़क के दोनों छोर पर बर्फ की दीवार को पार कर रहे हैं। पर्यटन कारोबारी गयुरमेद, सुशांत, राजीव, विवेक और संदीप ने बताया कि घाटी में अधिक बर्फबारी होने से इस साल तीन सप्ताह देरी से पर्यटन गतिविधियां शुरू हुई हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले पर्यटन सीजन में उनका कारोबार रफ्तार पकड़ेगा और जून महीने तक कोकसर पंचायत में बर्फ देखने को मिलेगी।
सीमा सड़क संगठन नॉर्थ पोर्टल से कोकसर और ग्रांफू की तरफ बर्फ हटाने में जुट गया है। फरवरी और मार्च महीने में रिकार्ड बर्फबारी होने से इस बार पर्यटकों को बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रा के बजाय लाहौल में ही बर्फ के दीदार हो सकेंगे। संवाद