कुल्लू। महंगाई की मार कम नहीं हो रही है। सब्जियों के रेट आसमान छू रहे हैं। 50 से अधिक रेट में मिल रही सब्जियों के दाम को देखते हुए लोगों ने खरीदारी कम कर दी है। लोग दाल खा रहे हैं। जिला मुख्यालय ढालपुर में हरा मटर 140 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। दूसरी सब्जियों के भाव भी 50 रुपये से कम नहीं हैं। टमाटर के दाम कम होने के बजाए 70 रुपये प्रति किलो मिल रहा है।
इसके अलावा फूलगोभी 60 रुपये, भिंडी 60 रुपये, शिमला मिर्च 80 और प्याज 50 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। यह वह सब्जियां हैं, जिनकी खरीदारी लोग सबसे अधिक करते है। कीमतों के बढ़ने से गरीब तबकासब्जी लेना ही भूल गया है। हिमा देवी, सीमा, निर्मला ठाकुर, नेहा, सुनीता तथा ममता ने कहा कि दाले तो महंगी है, लेकिन अब सब्जियां भी दोगुना से भी अधिक महंगी हो गई हैं। महंगाई ने उनका पूरा बजट बिगाड़ कर रख दिया है। महंगाई से बजट दोगुना पहुंच गया है। लेकिन उन्हें उसी बजट से ही अपना घर चलाना पड़ रहा है। महंगाई की मार ऐसी पड़ी कि उन्हें एक किलो की जगह आधा किलो सब्जी की खरीदारी करनी पड़ रही है। रमेश, श्याम लाल, टेक सिंह, मेहर चंद, निलेश और राकेश ने कहा कि उन्होंने सब्जी को खरीदना बंद कर दिया है। इसके बदले वह दाल को तरजीह दे रहे हैं। सब्जी ब्रिकेता प्रेम सिंह का कहना है कि इन दिनों सब्जियां पंजाब से आ रही है,जो बहुत महंगी मिल रही है। एपीएमसी के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि सब्जियां पीछे से ही महंगी पहुंच रही है।