कुल्लू। धार्मिक स्थल बिजली महादेव में वन भूमि पर लगाए गए टेंटों को हटाने के लिए वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की ओर से बिजली महादेव में टेंट में दुकानें चलाने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के माध्यम वन विभाग की ओर से अवैध कब्जों को पांच दिनों के अंदर हटाने को कहा गया है। अगर नहीं हटाते हैं तो विभाग की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हालांकि, वन विभाग की ओर से दिए गए नोटिस में यह भी कहा गया है कि 21 मई 2023 को बिजली महादेव मंदिर समिति की ओर से प्रस्ताव पारित करके दुकानें खाली करने को कहा गया है। विभाग की ओर से दिए नोटिस में बिजली महादेव मंदिर कमेटी मथाण के प्रस्ताव की प्रतिलिपि भी दुकानदारों को नोटिस के साथ दी गई है। कशावरी और खराहल के लोगों जनरल हाउस में बिजली महादेव में टेंटों को हटाने का निर्णय लिया था।
डीएफओ एंजल चौहान ने बताया कि बिजली महादेव मंदिर के नजदीक और रास्ते के दोनों ओर वन क्षेत्र में अवैध कब्जा कर दुकानें और टेंट लगाए हैं। विभाग टेंटों को अब हटाएगा। विभाग की ओर से 22 लोगों को नोटिस दे दिए गए हैं। उन्हें पांच दिन का समय दिया है। अगर वे खुद सामान नहीं हटाते हैं तो फिर विभाग खुद कार्रवाई करेगा।
खराहल और कशावरी के लोग कमा रहे हैं रोजगार
खराहल और कशावरी क्षेत्रों के लोगों ने यहां पर दुकानें लगाई हैं। यहां पूजन सामग्री और खाने-पीने की सामग्री मिलती हैं। यहां पर दुकानें लगाकर युवाओं को रोजगार मिल रहा है। दुकानों में होने वाली कमाई से दुकानदार परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। वन विभाग की कार्रवाई के बाद इनकी रोजी-रोटी पर संकट के बादल मंडरा गए हैं।
..संवाद