डाइट कुल्लू में इंडक्शन कार्यशाला में दिया जा रहा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कुल्लू में राज्य स्तरीय कार्यशाला में मंगलवार को तीन जिलों के 108 मेडिकल और नॉन-मेडिकल टीजीटी ने विद्यार्थियों, स्टाफ और अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी गतिविधियों का रिकॉर्ड संभालना सीखा। उन्हें स्कूलों के निरीक्षण की तकनीक भी बताई गई कि कैसे स्कूल का रिकॉर्ड और शिक्षा संबंधी गतिविधियों को खंगालना है। इसके अलावा कार्यशाला में स्रोत व्यक्तियों ने टीजीटी को उपरोक्त विषयों का प्रशिक्षण भी दिया।
डाइट में टीजीटी को चार सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। नॉन-मेडिकल शिक्षकों को क्षेत्रमिति, विद्यालय स्तर पर रिकार्ड रखना, अवकाश नियम एवं आचरण नियम और स्कूल मार्गदर्शन, निरीक्षण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया। मेडिकल शिक्षकों को पर्यावरण, वन और जीवाश्म ईंधन, मॉडल बनाने के लिए कूड़ेदान या पर्यावरण अनुकूल अपशिष्ट पदार्थ का उपयोग करना बताया। समन्वयक शमशेर ठाकुर ने कहा कि डाइट में कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति के नए भर्ती टीजीटी नॉन-मेडिकल और मेडिकल को इंडक्शन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें रोजाना मेडिकल और नॉन-मेडिकल विषयों के अलावा अन्य आवश्यक गतिविधियां भी करवाई जा रही हैं। संवाद