संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के ऐतिहासिक रथ मैदान में सोमवार को कुल्लू कार्निवाल की पहली सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। दस दिनों तक चलने वाले कुल्लू कार्निवाल का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्निवाल की पहली सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकार नरेंद्र ठाकुर के नाम रही है, जिन्होंने अपने गीतों से लोगों को भरपूर मनोरंजन किया। लोक गायक नरेंद्र ठाकुर ने झुरी बुरा लगा तेरा पाणी पीयू ना, शाहूरा लाणा तेरे ग्राऊं, बसा दी बेशिये लागी नजरा, ठेके री आननी बोतला साजने, पाटुू वालिए भानजिये, बोतला फुटी हाए रे नातिया, नचदे नाचदे बंगा चूटी ओ, रोक भाभीये रोक भाभीये, ओ रीनू ओ रीनू तेरी चिट्ठी पत्री आई ना, सूरज लागा डूबदा, लाइये लपा ओ बिमला, ओ लाल-लाल सेबे रा दाना वलिये, तेरी चाइये रे होटला समेत अन्य गीत पेश कर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। लोक नृत्य सूर्य सांस्कृतिक दल बनोगी (कुल्लू) और किन्नौर ने भी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा अन्य लोक कलाकारों ने भी अपने-अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इस पहली संध्या का आयोजन पहले दिन रथ मैदान में किया गया है। 22 से 28 मार्च तक सांस्कृतिक संध्या अटल सदन में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लोक सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां, नाटकों का मंचन व अंत में स्टार कलाकार प्रस्तुति देंगे। अब दूसरी सांस्कृतिक संध्या की स्टार नाइट मंडी की ममता भारद्वाज के नाम रहेगी। जबकि 23 मार्च को नरेंद्र रंजन अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इस मौके पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, महेश्वर सिंह, राम सिंह, भीमसेन, अमित सूद, कुशाल ठाकुर, रमेश शर्मा, डीसी कुल्लू और एसपी कुल्लू भी मौजूद रहे।