प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने वीरवार को स्कूलों में औचक निरीक्षण कर कई लापरवाह शिक्षकों पर शिकंजा कसा। निरीक्षण के दौरान तलोगी स्कूल में साढ़े तीन बजे ही शिक्षक स्कूल बंद कर रफू चक्कर पाए गए। वहीं, अखाड़ा स्थित प्राथमिक तथा माध्यमिक पाठशाला में शिक्षक गपशप में व्यस्त पाए गए। उपनिदेशक की दबिश से शिक्षकों व अन्य में हड़कंप मचा रहा। मामले का कड़ा संज्ञान लेेते हुए उपनिदेशक ने शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाबतलब किया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक कुलवंत पठानिया ने वीरवार को औचक निरीक्षण अभियान के तहत स्कूलों में दबिश दी।
इस दौरान तलोगी स्कूल समय से पहले ही बंद पाया गया। बच्चे स्कूल से वापस लौटते हुए शिक्षक उपनिदेशक को रास्ते में मिले। वहीं, प्राइमरी तथा माध्यमिक पाठशाला अखाड़ा बाजार में औचक निरीक्षण के दौरान अध्यापक गपशप में व्यस्त पाए गए। वहीं विद्यार्थी शोर मचा रहे थे। शिक्षकों की कोताही के दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपनिदेशक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस के माध्यम से शिक्षकों से मामले को लेकर जवाबतलब और उनसे मामले में पक्ष रखने का मौका दिया गया है। उपनिदेशक की दबिश में सामने आए दोनों मामलों से अभिभावकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर, इस मामले को लेकर शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक कुलवंत सिंह पठानिया ने कहा कि तलोगी, मिडल, प्राइमरी स्कूल अखाड़ा बाजार का निरीक्षण किया गया। तलोगी स्कूल समय से पहले बंद पाया गया है। जबकि आखाड़ा बाजार स्कूल में शिक्षक गपशप में व्यस्त पाए गए। दोनों ही मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। भविष्य में भी औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।