कुल्लू में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन पर बैठे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता। -संव?
- फोटो : Kullu
कुल्लू। युवा कांग्रेस ने पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले प्रदेश सरकार से पुलिस महानिदेशक को हटाने की मांग की।
पेपर लीक मामले की जांच से प्रदेश सरकार ने पल्ला झाड़ दिया था लेकिन युुवा कांग्रेस और एनएसयूआई के दबाव के बाद सरकार ने फैसला लिया है। यह बात युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में गिरफ्तारियां हो रहीं हैं। इसके बावजूद सरकार और पुलिस सरगना तक पहुंचने में नाकाम रही है। जिला मुख्यालय ढालपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई की क्रमिक अनशन और हस्ताक्षर अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने कहा कि पेपर लीक मामले में अब तक कोई बड़ी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लापरवाही के कारण हजारों युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। जिन युवाओं ने मेहनत कर इस परीक्षा को उत्तीर्ण किया था, उन्हें परेशानियों के दौर से गुजरना पड़ रहा है।
सैकड़ों युवाओं के पास रोजगार पाने का यह अंतिम अवसर था लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। ऐसे में सरकार डीपीजी को हटाए। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव होतम ठाकुर ने कहा कि यह मामला पेपर लीक का नहीं है। इस पेपर को लाखों में बेचा गया है, यह खरीद-फरोख्त का मामला है। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले। जब तक मामले की उचित न्यायिक जांच नहीं होती हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान बंजार अध्यक्ष राकेश ठाकुर, मनाली अध्यक्ष चमन ठाकुर, इशान पंडित, किशोरी ठाकुर, बलदेव आदि उपस्थित रहे।