केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। लाहौल की 16 पंचायतों में शुक्रवार को मतदान हुआ। इन पंचायतों में जिला परिषद के साथ बीडीसी, प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य के लिए वोटिंग हुई। सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक हुए मतदान में हर वर्ग के लोगों में उत्साह देखने को मिला। युवा से लेकर महिला व बुजुर्गों ने मतदान किया है।
दूसरे चरण के लिए 66.01 फीसदी मतदान हुआ। कुल 8285 मतदाताओं में से 5469 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरे चरण में त्रिलोकनाथ के साथ लगती शकोली पंचायत में सबसे अधिक 85.67 फीसदी मतदान हुआ, जबकि तांदी पंचायत में सबसे कम 50.78 फीसदी वोट पड़े। अब चार अक्तूबर को जिला परिषद के दस और पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए हुए मतदान की गणना होगी। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 2783 पुरुष और 2686 महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि जिले में शांतिपूर्वक और पारदर्शिता के साथ पंचायत चुनाव हुए हैं। उपायुक्त ने इसके लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों, पुलिस कर्मी और जनता का आभार जताया है। कहा कि चार अक्तूबर को जिला परिषद व बीडीसी के मत की गणना सुबह साढ़े आठ बजे से आरंभ होगी।