केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्यों के परिणाम आ गए हैं। दोपहर तीन बजे तक चली वोटिंग के बाद भी कई मतदान केंद्रों में मतदान होता रहा। इसके बाद हुई मतगणना को लेकर जहां प्रत्याशियों की धुकधुकी बढ़ गई, वहीं मतगणना के परिणाम को जानने के लिए भारी संख्या में लोग मतदान केंद्रों के बाहर जुटना शुरू हुए।
देर शाम तक प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजे आने शुरू हुए। इसमें मुलिंग पंचायत से अमर प्रकाश प्रधान बने, जबकि सुशील उपप्रधान ने जीत हासिल की है। सिस्सू पंचायत में राजीव ने प्रधान पद का चुनाव जीता। किशोरी पंचायत में प्रधान पद पर सतीश और उपप्रधान पद पर प्रदीप ने जीत हासिल की है। युरनाथ पंचायत से विजय आनंद प्रधान, रानिक से मानदासी प्रधान और अर्जुन सिंह उपप्रधान, नालडा पंचायत से शिल्पा को निर्विरोध प्रधान चुना गया। विकास जस्पा को उपप्रधान चुना है। शंशा पंचायत से प्रशांत प्रधान व मोहन लाल उपप्रधान बने। तांदी से वीरेंद्र तथा तिंगरेट पंचायत से अनीता मिरुपा को निर्विरोध प्रधान चुना गया। रविंद्र ने उपप्रधान का चुनाव जीता। गोंदला पंचायत में सूरज ठाकुर प्रधान तथा अनिल चंद उपप्रधान चुने गए। सलग्रां पंचायत से निर्मला ने प्रधान पद का चुनाव जीता है। इस दौरान जीते उम्मीदारों के समर्थकों ने खूब जश्न मनाया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि मतदान के बाद मतगणना भी शांतिपूर्ण तरीके से हुई है। अब जिप व बीडीसी की मतगणना रही है, जो चार अक्तूबर को होंगी।