कुल्लू के ब्रह्मगंगा नाले में बाढ़ से बहने वाले चार लोगों के लापता होने के बाद नदी के किनारे देखत?
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू के ब्रह्मगंगा नाले में बुधवार को बादल फटने से बाढ़ में बहे चार लोग अभी भी लापता चल रहे हैं। दूसरे दिन वीरवार को भी चारों में से किसी का पता नहीं चल पाया है। हालांकि बाढ़ में बहे लोगों की तलाश के लिए दिनभर सर्च ऑपरेशन चलता रहा। लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली।
पुलिस, परिजनों और रिश्तेदारों ने पार्वती नदी के किनारे भुंतर से लेकर मणिकर्ण तक जगहों-जगहों पर पार्वती नदी के किनारों पर तलाशी की। पार्वती नदी में जलस्तर अधिक होने के चलते लापता के दूर तक बह जाने की आशंका है। अभी भी पार्वती नदी उफान पर है। ऐसे में ब्रह्मगंगा नाले में बहे लोगों के जल्द मिलने की संभावना कम है। हालांकि सर्च ऑपरेशन जारी है। दूसरी ओर वीरवार को मणिकर्ण के ब्रह्मगंगा में कई लोग इस तबाही के मंजर को देखने पहुंचे। तबाही के इस मंजर को देखकर हर कोई स्तब्ध था। नाले में अब चारों ओर बिखरा हुआ मलबा ही मलबा नजर आ रहा है। इसे देखकर हर कोई अंदाजा लगा रहा है कि कि तबाही का वो पल कैसा रहा होगा। लोग हादसे में जान गंवा देने वालों के पास भी ढांढस बंधाने के लिए आ रहे हैं। कई लोगों ने ब्रह्मगंगा नाले में बहू और पोते को खो देने वाले बुजुर्ग का हौसला बढ़ाया। इस हादसे के बाद परिजन गहरे सदमे में है। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि ब्रह्मगंगा नाले में बादल फटने से लापता हुए लोगों की तलाश चल रही है। इनकी जगह-जगह पर तलाश चल रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक बाढ़ में बहने वालों का कुछ पता नहीं चला है। बरसात को देखते हुए उन्होंने आम लोगों से भी नदी नालों से दूर रहने की अपील की है।