कुल्लू। सरकारी विभागों से एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त पेंशनरों को अभी तक पेंशन लाभ नहीं दिया जा रहा है। कई विभागों ने पेंशनरों के फिक्सेशन केस ही नहीं बनाए हैं, जिसके कारण पेंशनरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह बात सिविल पेंशनर एवं वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष जय बिहारी भरद्वाज ने कही। एसोसिएशन की बैठक शनिवार को महिला मंडल भवन गांधी नगर में हुई। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष जय बिहारी भारद्वाज ने कहा कि पेंशनरों की मांगों को लगातार दरकिनार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पेंशनरों की मूल पेंशन में पांच, दस और 15 फीसदी की बढ़ोतरी की जाए। डीए बिलों का भुगतान भी जल्द होना चाहिए। एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के फिक्सेशन केस जल्द तैयार किए जाएं। सरकार पेंशनरों की मांगों को जल्द स्वीकृत करे। इससे पूर्व दूरसंचार मंत्री दिवंगत पंडित सुखराम को श्रद्धांजलि दी गई। वीर सिंह राणा, तुलाराम, जगत राम, लछी राम, जोगी राम, रुप लाल ठाकुर का एसोसिएशन में शामिल होने पर स्वागत किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सेस राम ठाकुर, मोहर सिंह ठाकुर, हीरालाल ठाकुर, देवेंद्र गौड़, बेली राम ठाकुर, सुरेश कतना, आरपी शर्मा, गुलाब सिंह, भागचंद, केशव राम ठाकुर, दुर्वासा नंद, अजय शर्मा, मेहर सिंह मियां, तीर्थ राम राणा, प्रेमसिंह, हरदयाल, टेढ़ी सिंह, डुगले राम, ईश्वरी लाल मौजूद रहे।