न्यूली (कुल्लू)। सैंज तहसील के अंतर्गत आने वाली न्यूली-शैंशर सड़क भारी बारिश के बाद जगह-जगह भूस्खलन और गड्ढों के चलते कुछ दिन से पूरी तरह से बंद हो गई है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इन दिनों सेब व सब्जियों का सीजन सिर पर है। ऐसे समय में सड़क बाधित होने से किसानों व बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि बरसात से पहले जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को सड़कें बहाल रखने के लिए कहा था। लोक निर्माण विभाग के सड़कें बहाल रखने के दावे भी हवा हुए हैं। स्थानीय निवासी आलम चंद पालसरा, माघू राम, अनु राम, जीत राम, विजय कुमार, रोशन लाल, प्रेम सिंह ने कहा कि कच्ची सड़क बारिश से गड्ढों में बदल गई है। इससे वाहन चालक इस सड़क पर जाने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं। सड़क को पक्का करने के लिए कई बार ग्रामीणों ने विभाग से आग्रह किया। लेकिन अभी तक ग्रामीणों की बात को नहीं सुना गया है। उन्होंने मांग की है कि न्यूली- शैंशर सड़क को खोला जाए। उधर, गाडापारली पंचायत के मैल गांव में भारी बारिश के कारण ज्ञान सिंह के घर के आगे भूस्खलन होने से घर को खतरा हो गया है। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को सड़क खुलवाने के आदेश दे दिए गए हैं। मौके की रिपोर्ट भी मंगवा ली गई है।