कुल्लू। जिले में कोरोना कर्फ्यू का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। लगातार दूसरे दिन भी सुबह से ही सड़कें खाली रही। लोग सिर्फ जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजार में चहल-पहल न होने से रौनक गायब हो गई है।
दुकानों पर ताले लटकने से कुल्लू, मनाली, भुंतर, पतलीकूहल, सैंज और बंजार में बाजार सूने पड़ गए हैं। पुलिस के जवान व स्वयंसेवी कोरोना कर्फ्यू को लेकर आम लोगों व बेवजह बाजार में आवाजाही करने वाले लोगों को जागरूक कर रहे हैं। प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी समय-समय पर कर्फ्यू का जायजा ले रहे हैं। लोगों से गुलजार रहने वाले बाजारों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा है। ढालपुर चौक सहित अन्य चौक-चौराहों के साथ बस अड्डों में लोग नजर नहीं आ रहे है। जिले में लोग आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को सुबह नौ से दस बजे के बाद खोले रहे हैं। कई दुकानों में इक्का-दुक्का लोग ही सामान लेने पहुंच रहे हैं। होटल, रेस्तरां व ढाबों में भी सन्नाटा होने से ग्राहक नहीं आ रहे है। इसमें भी 50 से 60 फीसदी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लोगों ने स्वयं ही बंद कर दिया है। सब्जी की दुकान चलाने वाले भाग सिंह तथा मोहन ने कहा कि सब्जी की खरीद पर असर पड़ा है। लोग सब्जी लेने के लिए भी बाहर नहीं आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी को देखते हुए सभी लोगों को कोरोना कर्फ्यू का पालन करना होगा। उन्होंने जिलावासियों से बेवजह बाहर न निकलने को कहा है। अपनी व परिवार की सुरक्षा को देखते हुए घर में ही रहने की हिदायत दी है।