कुल्लू। कोरोना कर्फ्यू में कानून व्यवस्था बनी रही और सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना हो, इसके लिए कुल्लू पुलिस सतर्क हो गई है। जिले के प्रवेश द्वार भुंतर और बंजार उपमंडल में शनिवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
भुंतर में एसएचओ गरिमा की अगुवाई में फ्लैग मार्च किया गया। लोगों से कोरोना के नियमों का पालन करने की अपील की गई। सड़क पर पुलिस जवानों का फ्लैग मार्च देखकर कई लोग अनावश्यक सड़कों पर नहीं निकल सके। बंजार में पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने का आग्रह किया। पुलिस कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन न हो, इसके लिए पूरी तैयारी में है। कुल्लू शहर में पुलिस ड्रोन से नजर रख रही है। ड्रोन के माध्यम से हर लोकेशन पुलिस ट्रेस कर रही है। अगर कहीं पर धारा 144 का उल्लंघन पाया गया है तो पुलिस उनका चालान करेगी। शहर में कुल्लू पुलिस की मोबाइल वैन लगाकर गश्त लगा रही है। इसके साथ पुलिस ने 18 टीमें बनाई हुई हैं। इनमें पुलिस के 76, होमगार्ड के 115 और रुस्तम टीम के 30 स्वयंसेवी विभिन्न जगहों पर जाकर गश्त कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू की अनुपालना सुनिश्चित करवाई जा रही है। लगातार पुलिस टीमें गश्त कर लोगों को नियमों का पालन करने की अपील कर रही है। शहर में लगने वाली भीड़ पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। भुंतर और बंजार में शनिवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना वजह अपने घरों से बाहर न निकलें। कहीं पर भी भीड़ न लगाएं। नियम तोड़ने वालों के पुलिस चालान करेगी।