केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की तोद घाटी के खंगसर गांव में पेंटर का काम करने वाले उत्तराखंड के तीन कामगारों के झुलसने का मामला सामने आया है। जिस जगह पर यह तीनों काम रहे थे, वहां पर पेंट में मिलाने वाला थिनर रखा था। जिसने एकदम आग पकड़ी ली और तीनों झुलस गए। तीनों को उपचार के लिए केलांग अस्पताल लाया गया। जहां से कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला मंगलवार रात का है। जब थिनर के आग पकड़ने से तीनों कामगार झुलस गए। आग से दुष्यंत निवासी सहारनपुर, उत्तराखंड अधिक झुलस गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे बुधवार को ही कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया था। आग से झुलसे एहकाम निवासी सहारनपुर, विशाल निवासी हरिद्वार, उत्तराखंड को वीरवार को केलांग अस्पताल से कुल्लू रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि कुल्लू अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है। हालांकि थिनर में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने भी बयान दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में कानूनगो केलांग अजित ने कहा कि आग की चपेट में आए पीड़ितों को जिला प्रशासन की तरफ से 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी लाहौल-स्पीति एमएल बंधु ने कहा कि पेंटर का काम करने वाले उत्तराखंड के तीन कामगार थिनर में आग लगने से झुलसे हैं। उन्होंने कहा कि तीनों कामगारों को उपचार के लिए केलांग से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया है। ये तीनों खंगसर गांव में पेंटर का काम करते थे।