कुल्लू के मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे लोग।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटी खराहल घाटी में स्थित बिजली महादेव मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा है। सावन माह में आराध्य देव भोलेनाथ के दर्शनों के लिए रोज अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर में रविवार को सुबह पांच से शाम छह बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला चलता रहा। घाटी की ऊंची चोटी पर विराजमान अधिष्ठाता देवता बिजली महादेव के दरबार में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी।
पूरा दिन खराहल घाटी बम-बम भोले के जयकारों से गूंजती रही। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक शिवलिंग की पूजा कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। बिजली महादेव मंदिर में रविवार सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया। सात बजे तक मंदिर में भीड़ उमड़नी शुरू हुई। करीब नौ बजे से श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थी। दोपहर एक बजे तक देखते ही देखते 200 मीटर तक श्रद्धालुओं की कतारें लग गई। इसके चलते मंदिर कमेटी के सदस्यों को कोरोना नियमों का पालन करवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर में श्रद्धालुओं को आराध्य देवता बिजली महादेव के दर्शन करने के लिए आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि दोपहर तीन बजे के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम हुई। हालांकि शाम छह बजे तक भोले के दर्शनों के लिए श्रद्धालु आते रहे। रोशन, सुनिल, मुकेश, जयसिंह, मोनिका, चंद्रा, सुनीता ने कहा कि बिजली महादेव मंदिर में सोमवार के बजाय रविवार को अधिक संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। अवकाश होने के कारण भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। वह सुबह जब मंदिर में पहुंचे, तब तक दर्शनों के लिए कतारें लग गई थी। ऐसे में उन्हें बिजली महादेव के ऐतिहासिक शिवलिंग के दर्शन पाने के लिए 45 मिनट तक लग गए। देवता के कारदार अमर नाथ नेगी ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुल्लू के अलावा अन्य जिले से भी श्रद्धालु बिजली महादेव में शिवलिंग के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं।
बिजली महादेव सड़क पर जगह-जगह लगा जाम
आराध्य देव बिजली महादेव के दर्शनों के लिए रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इससे बिजली महादेव सड़क पर जगह-जगह जाम लगता रहा। तंग सड़क पर अधिक वाहनों के दौड़ने से श्रद्धालु कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। इसके चलते महादेव के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि छोटे वाहनों के बारीपधर-पेच्छा सड़क से आवाजाही करने से कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन चंसारी, बंदल, हलैणी, धार्ठ में सड़क संकरी होने केे कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।