संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में डोनेट-ए-बुक अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिक्षक भवन समिति कुल्लू ने यह बीड़ा उठाया है। समिति का कहना है कि दसवीं के बाद बड़ी कक्षाओं में पढ़ने के लिए बच्चों में लग्न होती है, लेकिन आर्थिक तौर पर कमजोर होने के कारण वे नहीं पढ़ पाते हैं। ऐसे बच्चों को समिति निशुल्क ट्यूशन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तो करवा ही रही है।
अब इसी महीने डोनेट-ए-बुक अभियान चलाया जाएगा। इसमें 11वीं और 12वीं कक्षा के उन बच्चों को निशुल्क किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी जो आर्थिक तंगी के कारण किताबें नहीं खरीद सकते। शिक्षक भवन समिति बच्चों को शिक्षित करने की दिशा में कार्य कर रही है। समिति के अध्यक्ष श्याम लाल हांडा ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा दसवीं तक निशुल्क किताबें मिलती हैं, लेकिन इसके बाद 11वीं और 12वीं के लिए बच्चों को स्वयं किताबें खरीदनी होती हैं।
कई बच्चे आर्थिक तंगी के कारण किताबें नहीं खरीद पाते और उनकी पढ़ाई छूट जाती है। कहा कि समिति ऐसे बच्चों को किताबें उपलब्ध करवाएगी, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके। संवाद