कुल्लू/खराहल। देव मिलन के महाकुंभ के लिए देवी-देवताओं का अठारह करडू के सौह में पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। घाटी के आराध्य देवता बिजली महादेव वीरवार को सुल्तानपुर स्थित रघुनाथ के मंदिर में सैकड़ों हारियानों के साथ पहुंचे। रात का ठहराव बिजली महादेव का रघुनाथ की नगरी में होगा।
शुक्रवार को पूजा-अर्चना के पश्चात देव विधि के साथ रघुनाथ के संग अठारह करडू की सौह के लिए रवाना होंगे। जहां पर हजारों की तादाद में लोग रघुनाथ की रथ यात्रा में शामिल होंगे। बिजली महादेव रघुनाथ की रथ यात्रा में बाएं और पहले पायदान में चलेंगे। शुक्रवार को घाटी के जुआणी महादवे, दशमी वारदा, ब्रिंडू देवता, राउगी नाग और अरछंड़ी की माता काली ओड़ी पहुंचेंगे। देवलु तोत राम पुजारी, न्योली पंचायत के पूर्व उपप्रधान भूपेंद्र ठाकुर, सतीश महंत, भगवान दास ,गोपाल महंत, हेमराज ठाकुर, पुजारी लाल चंद ठाकुर, रूम सिंह भंडारी, पूर्व पंच जय चंद ठाकुर ने कहा कि जुआणी महादेव सुबह पुजा-अर्चना के बाद दशहरा के लिए रवाना होंगे। देवता के कारदार ओम प्रकाश महंत ने कहा कि देवता के देवलुओं और कारकूनों ने तमाम तैयारियां इस देव महाकुंभ में भाग लेने के लिए पूरी कर ली है। बिजली महादेव के कारदार अमर नाथ ने कहा कि बिजली महादेव वीरवार की शाम को रघुनाथ की नगरी में पहुंच गए हैं।