कुल्लू। नगर परिषद मनाली के तहत आने वाले वार्ड नंबर दो में एक खोखे से आठ अवैध स्लीपर बरामद हुए हैं। जिसे नेपाल मूल के व्यक्ति ने चोरी करके स्टोर में रखा था। वन विभाग ने स्लीपरों को अपने कब्जे में लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नेपाल मूल के व्यक्ति ने बुधवार को मनाली में एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। शातिर यहां से प्लाईबोर्ड ले गया था। वीरवार को फिर इसी जगह चोरी करने आया तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ा और पूछताछ की। जब खोखे में दबिश दी तो यहां पर आठ स्लीपर सहित अन्य चोरी किया हुआ सामान मिला। डीएफओ एंजल चौहान ने कहा कि बिना हैमर वाले आठ स्लीपरों को जब्त किया गया है। इन्हें वन विभाग के डिपो में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए कहा गया है। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले नेपाल नेपाल मूल के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से कड़ी पूछताछ चल रही है।