संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू/बंजार। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में बुधवार को डॉट्स सेंटर, बलगम जांच और सीबीएनएएटी प्रयोगशाला बंद रही। इसके कारण मरीजों की परेशानी बढ़ी है। अस्पताल में सुबह साढ़े नौ बजे से मरीज प्रयोगशाला में बलगम के साथ कई अन्य टेस्ट करवाने के लिए पहुंचे। लेकिन प्रयोगशाला और डॉट्स सेंटर में मरीजों को फार्मासिस्ट और लैब तकनीशियन नहीं मिल पाए।
बता दें कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों ने प्रदेश समेत जिलाभर में हड़ताल की। ऐसे में कुल्लू के अधिकतर अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी और नागरिक अस्पतालों में कामकाज ठप रहा है। कर्मचारियों की हड़ताल का असर पहले दिन ही देखने को मिला।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पतलीकूहल से आई मरीज मीना, मनाली से आई छियोंग, भुंतर के सुभाष आदि ने कहा कि वह सुबह से डॉट्स सेंटर में दवाई लेने के लिए पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें दवा नहीं मिल पाई है। मरीज सीमा, आकांक्षा ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें टेस्ट करने के लिए कहा है। सीबीएनएएटी लैब भी बंद हैं। उधर, नागरिक अस्पताल बंजार में भी दूरदराज के क्षेत्रों से उपचार करवाने आए मरीजों को कम दामों पर मिलने वाली सरकारी दवाइयां नहीं मिल सकी। इतना ही नहीं चिकित्सकों को स्वयं मरीजों की पर्चियां तक बनानी पड़ी। उसके बाद मरीजों का उपचार करना पड़ा। गौरतलब है कि जिले के अन्य नागरिक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी यही आलम रहा। मरीजों को कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिली। मरीज दवाओं और टेेस्ट करवाने के लिए भटकते रहे।