भुंतर के समीप जछणी में नाके के दौरान पकड़ी गई 11 किलो चरस की खेप को ठिकाने तक पहुंचाने के लिए आरोपी ने 25 हजार रुपये की कमीशन तय की थी। यह राशि प्रति किलो या पूरी खेप के लिए ली जानी थी, इसके बारे में पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है।
पुलिस पूछताछ में बताए गए बैंक खाते को पुलिस ने तुरंत प्रभाव से फ्रीज कर दिया है। खाते में करीब साठ हजार रुपये की धनराशि बताई जा रही है। खाते से हुई ट्रांजेक्शन और फोन डिटेल को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि लोकल ही किसी को खेप देकर आगे पहुंचाई जानी थी। खेप नेपाली मूल की एक महिला ने आरोपी को दी थी, जिसे ठिकाने तक पहुंचाने के लिए मोटी रकम मांगी गई थी। महिला कौन है और किसे यह खेप पहुंचानी थी, को लेकर आरोपी से पूछताछ जारी है। अभी तक आरोपी की ओर से बताई गई पहचान पुख्ता नहीं हो पाई है। आरोपी के आधार कार्ड में शमशी का पता बताया गया है।
आरोपी के पते को वेरिफाई किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो जल्द मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इसके लिए पुलिस सबूत इकट्ठा करने में जुटी हुई है। गौरतलब है कि मंगलवार रात्रि को जरी-भुंतर मार्ग पर जछणी में पुलिस ने आरोपी को करीब 11 किलो चरस के साथ दबोचा था। इधर, एसएचओ भुंतर अजय कुमार ने बताया कि आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है। वहीं, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि चरस की बड़ी खेप को इधर से उधर करने वाले आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिकेंज का पता लगाया जा रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले में जांच कर रही है।