मौके पर ग्रामीणों से पूछताछ करते एसओ जटाशंकर व अन्य पुलिस कर्मी।
- फोटो : amarujala
माधौगंज (हरदोई)। थाना क्षेत्र में विवाह के 14 माह बाद नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गंाव समुखा निवासी सूरज की शादी करीब 14 माह पहले कछौना के समसापुर निवासी सुशील की बेटी नीलू (22) के साथ हुई थी। दोनों के एक माह का बेटा है। बुधवार शाम नीलू शव फंदे से लटकता मिला।
सूचना पर सुशील समुखा गांव पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नीलू की हत्या कर दी गई और आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना बुधवार शाम चार से पांच बजे की है और उसे रात 11 बजे सूचना दी गई। वह गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचे तो घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ थी।
आंगन में बेटी के शव था। सास को छोड़कर घर के अन्य सदस्य वहां से भाग चुके थे। इस पर उन्होंने थाने सूचना दी। पुलिस व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष जटा शंकर सिंह ने ग्रामीणों व मृतका की सास से पूछताछ की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाहिता के पिता सुशील की तहरीर पर पति सूरज, ससुर रामखेलावन, सास मीना, देवर आदर्श उर्फ छोटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। जांच क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं। पंचनामा रिपोर्ट मिलते ही उस दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उधर, मृतका की सास मीना ने बताया कि पति- पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। सूरज ने नीलू को डांट दिया। कुछ देर बाद वह किसी काम से चली गई। वापस लौटी तो नीलू कमरे में दुपट्टे से लटकी मिली।