कुल्लू। जिले में कोरोना की रफ्तार कम हो गई है। पिछले करीब दो सप्ताह से कोरोना के मामले दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। जबकि संक्रमित तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। जिला में बुधवार को कोरोना का एक भी मामला नहीं आया है। जबकि चार मरीज कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कुल 297 लोगों के सैंपल लिए जिनकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इसके साथ ही अब जिले में सक्रिय मामले घटकर महज 40 रह गए हैं। अब तक संक्रमित हुए 9554 में से 9354 पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। जबकि जिला में 160 की कोरोना से मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगवाने के बावजूद कोरोना को हल्के में न लें। सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देशों का पालन करें।