16 से 23 जून तक स्पीति घाटी के दौरे पर रहेंगी विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति जिले के उपमंडल स्पीति के लिए जल्द ही कुल्लू-मनाली से काजा बस सेवा शुरू की जाएगी। कुंजम दर्रा से गुजरने वाली इस बस से स्पीतिवासी कुल्लू-मनाली से जुड़ जाएंगे।
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने परिवहन निगम केलांग को बस सेवा जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। यह बस सेवा 31 अक्तूबर 2023 से बंद है। वहीं बीआरओ ने मई के अंतिम सप्ताह में ग्रांफू-काजा मार्ग को बहाल कर दिया था। मार्ग में वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है। बस सेवा के लिए अभी तक बीआरओ से हरी झंडी नहीं मिली है।
उधर, निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक राधा देवी ने बताया कि उनकी बीआरओ के अधिकारियों से बातचीत हुई है। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति ठीक करने को है। उन्होंने बताया कि जैसे ही बीआरओ से हरी झंडी मिल जाती है तो कुल्लू से काजा के लिए बस सेवा बहाल की जाएगी। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा चुनाव जीतने के बाद 16 जून से 23 जून तक उपमंडल स्पीति में जनता से रूबरू होंगी। वह सप्ताहभर गांव-गांव जाकर लोगों से मिलेंगी ओर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा।