कुल्लू। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि 11 दिसंबर को प्रदेश सरकार के कार्यकाल को एक साल का समय पूरा हो रहा है। मगर भाजपा इस दिन को आक्रोश दिवस के रूप में मनाएगी और जिला मुख्यालय कुल्लू में विरोध रैली निकालेगी। वह बुधवार को ढालपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार किस बात का जश्न मना रही है। एक साल का कार्यकाल पूरी तरह से विफल रहा है। प्रदर्शन में कुल्लू, आनी, बंजार और मनाली विस के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला मुख्यालय कुल्लू के सरवरी से लेकर ढालपुर चौक तक रोष रैली निकलेगी और भाजपा के नेता सरकार की नाकामियों को सबके सामने रखेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि उनकी गारंटियां कब पूरी होंगी। सरकार ने तीन महीने तक क्रशर बंद कर लोगों को परेशान किया है। आपदा के बाद भी जिला के कई रूटों पर बसें नहीं चल रही हैं। मुआवजे के लिए प्रभावित लोग एसडीएम और तहसीलदार के कार्यालय पहुंच रहे हैं। ऐसे में जश्न किस बात को हो रहा है। इस विरोध रैली में प्रदेश की कांग्रेस सरकार को चेताया जाएगा।
इस मौके पर कुल्लू से भाजपा के प्रत्याशी रहे नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित सूद, जिला भाजपा उपाध्यक्ष तरुण विमल और मीडिया प्रभारी श्याम कुल्लवी मौजूद रहे।