मनाली (कुल्लू)। सब्जी मंडियों में सेब की आवक बढ़ने से दामों में 10 से 20 रुपये प्रतिकिलो तक गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे बागवान चिंतित हैं। मनाली समेत पूरी ऊझी घाटी में सेब सीजन जोरों पर है। शुरुआती दौर में बागवानों को सेब के उम्दा दाम मिल रहे थे। अगस्त महीने के दूसरे सप्ताह तक स्थानीय सब्जी मंडियों में अच्छी किस्म का सेब 80 से 90 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा था।
सोमवार को सब्जी मंडियों में अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक सेब पहुंचा। इसके चलते बागवानों को अच्छे दाम नहीं मिल पाए। सोमवार को पतलीकूहल सब्जी मंडी में अच्छी किस्म का रायल सेब 65 से 70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिका। बारिश होने से सेब का रंग अच्छा आया है। सेब का आकार भी अच्छा बना है।
बागवान होतम राम ने बताया कि मंडियों में सेब की मात्रा बढ़ रही है। इससे दामों में कमी आई है। बागवान चमन लाल के अनुसार सेब की कीमत कुछ घट गई है, लेकिन आने वाले दिनों में उछाल आने की संभावना है। पतलीकूहल सब्जी मंडी आढ़ती यूनियन के अध्यक्ष कुंज लाल ने बताया कि सोमवार को सेब की कीमत 65 से 70 रुपये प्रतिकिलो रही। संवाद