जिले की मंडियों में अब तक 20 लाख से अधिक सेब पेटियां पहुंची
सेब बगीचे हुए खाली, अब अनार और जापानी फल का शुरू हुआ सीजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सेब सीजन के लिए कुल्लू की मंडियों में डेरा जमाए 80 फीसदी व्यापारी अब लौट गए हैं। अब मंडियों में नाममात्र सेब आ रहा है। ऐसे में मंडियों में रौनक कम हो गई है। जिले की मंडियों में अब तक 20 लाख से अधिक सेब पेटियां पहुंची हैं।
कुल्लू जिले की सब्जी मंडियों में महज 10 फीसदी ही सेब आ रहा है। जापानी फल और अनार की सब्जी मंडियों में धूम मची हुई है। अनार और जापानी फल की मंडियों में काफी अधिक खेप आ रही है। अच्छी क्वालिटी का जापानी फल 120 रुपये प्रतिकिलो से अधिक बिक रहा है। अनार के दाम भी बागवानों को बेहतर मिल रहे हैं।
बागवान बेली राम कुल्लवी, शिव कुमार, केहर सिंह ठाकुर और खीमी राम ने कहा कि सेब के बगीचे लगभग अब खाली नजर आने लगे हैं। अनार और जापानी फल ही अब बगीचों में बचा है। इस बार बागवानों को सेब के बेहतर दाम मिले हैं। अधिकतम 20 किलो की एक क्रेट के बागवानों को करीब 1000 रुपये तक दाम मिले। आम तौर पर बागवानों को प्रति 20 किलो की क्रेट पर 500 से 600 रुपये तक औसत बैठती थी। जापानी फल और अनार अभी कुल्लू जिले के बागवानों को मालामाल करेगा।
...
सब्जी मंडियों में अब महज 10 फीसदी सेब ही आ रहा है। सेब सीजन लगभग निपट गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों से ही अब सेब आ रहा है। इससे व्यापारी मंडियों से लौट गए हैं। अनार और जापानी फल के व्यापारी मंडियों में डेरा जमाए हुए हैं।
-मानस कुमार सूद, अध्यक्ष, सब्जी मंडी भुंतर