कुल्लू/कोकसर। जिला कुल्लू व जनजातीय क्षेत्र लाहौल की ऊंची चोटियों में शनिवार को तीसरे दिन भी ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा में 15 सेंटीमीटर ताजा हिमपात होने की सूचना है। इसके अलावा दोपहर बाद जलोड़ी सहित बारालाचा, कुंजुम दर्रा, मढ़ी, छतडू और सीबी की ऊंची पहाड़ियों में भी बर्फबारी का दौर जारी रहा।
जिला प्रशासन ने पर्यटकों व लोगों को खतरे वाली जगहों पर न जाने की हिदायत दी है। उधर, खराब मौसम के बावजूद एनएच अथॉरिटी ने एनएच-305 को बहाल करने का कार्य जारी रखा। लेकिन दोपहर बाद मौसम खराब होने तथा बर्फ के फाहों के गिरने से एनएच अथॉरिटी ने बर्फ हटाने का कार्य रोक दिया है। बंजार की तरफ से अभी तक तीन किलोमीटर हाईवे से बर्फ हटाने का काम शेष है। औट-लूहरी-सैंज हाईवे पर आवाजाही खतरनाक होने से शनिवार को कई लोग वाया करसोग व जंजैहली होकर रवाना हुए। जिला परिषद सदस्य लोकेंद्र कुमार, ममता ठाकुर तथा निरमंड निवासी राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि जलोड़ी दर्रा बंद होने से वे वाया करसोग होकर घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते से एनएच-305 बंद होने से बाह्य सराज के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला में खौली, गाड़ागुशैणी, मलाणा, सोलंग, कोठी, रोहाचला समेत करीब एक दर्जन मार्ग अभी भी अवरुद्ध चल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोम के सक्रिय होने से जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति शीत लहर की चपेट में आ गया है। शनिवार देर शाम लाहौल-स्पीति के साथ कोठी, पलचान और सोलंग नाला में बर्फबारी होने की सूचना है और मनाली में बारिश हुई। कड़ाके की ठंड से मनाली घूमने आए पर्यटक भी होटलों में दुबके रहे। डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि प्रशासन मौसम की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।