इंदौरा (कांगड़ा)। पंचायत मलाहड़ी कांगड़ में ट्यूबवेल नंबर आठ की मोटर की बदहाल स्थिति के चलते मलाहड़ी के लगभग 40 घरों के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, इस पंप हाउस से पीने योग्य पानी के साथ-साथ फसलों और सब्जियों को भी बीस दिनों से एक बूंद भी पानी तक नहीं मिला है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस पंप हाउस की मोटर हर महीने में एक बार जरूर खराब होती है। ठेकेदार उसे ठीक करवाने के लिए ले जाता है, तो लगभग एक महीने बाद ही पंप हाउस चलता है। बड़ी हैरानी की बात है कि विभाग कार्य में लेटलतीफी करने वाले ठेकेदार पर कोई भी कार्रवाई नहीं करता है। ठेकेदार की लेटलतीफी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया जाना चाहिए। महिलाओं ने विभाग पर आरोप जड़ते हुए कहा कि जल शक्ति विभाग इंदौरा अपनी कार्यप्रणाली के प्रति सजग नहीं है। इसका नतीजा मलाहड़ी कांगड़ की महिला वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। बर्तन उठाकर घरों से एक किलोमीटर से भी अधिक दूरी पर जाकर पीने योग्य पानी की आपूर्ति की जा रही है।
आज मोटर डालकर मलाहड़ी कांगड़ की पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। वहीं, ठेकेदारों को भी समय पर मोटरों की रिपेयर करवाने के लिए आदेश जारी किए जाएंगे। -महिंदर ठाकुर, एसडीओ जल शक्ति विभाग इंदौरा