बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के कूदेल गांव के युवक की ओर से समीपवर्ती गांव की एक महिला से की गई 12 लाख रुपये की ठगी के मामले में अब अन्य लोग भी सामने आने लगे हैं। पुलिस ने कुदैल गांव के युवक कपिल के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के बाद बैंक खातों को खंगालना शुरू कर दिया है। मामले में करोड़ों की धोखाधड़ी की बात सामने आ रही है। इससे पूर्व भी कई लोग इस युवक की ठगी का शिकार हो चुके हैं। युवक ने मंडी जिला के लोगों को भी अपना शिकार बनाया है, लेकिन पहली बार ही युवक के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में जांच होने पर युवक के साथ देने वाले अन्य लोग भी सामने आ सकते हैं। महिला से ठगी का मामला कुछ माह पुराना है और युवक पैसे वापस देने के नाम पर समय को आगे बढ़ाता रहा है, लेकिन आखिर में ठगी का शिकार हुई महिला को पुलिस की शरण में जाना पड़ा है। युवक पिछले कुछ दिनों से गांव से गायब है। युवक ने कुछ लोगों से उनके पैसे को डबल करने के चक्कर में भी पैसे ठगे हैं।
समीपवर्ती गांव की महिला से युवक ने सैमसंग और वन प्लस की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर 12 रुपये लाख की ठगी की है और यह राशि युवक ने पहले एक लाख फिर 8.92 लाख, उसके बाद 2.25 लाख और 52 हजार नकद के रूप में ठगे हैं। इसके अलावा एक अन्य युवती के खाते में 60 हजार रुपये की राशि डलवाई है। इसके लिए युवक ने कंपनी की नकली ई मेल और आईडी का उपयोग किया है। डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस युवक के बैंक खातों की जांच-पड़ताल कर रही है और युवक की तलाश की जा रही है।