धर्मशाला अस्पताल में प्रदर्शन करते एनएचएम अनुबंध कर्मचारी।
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। राज्य स्वास्थ्य समिति (नेशनल हेल्थ मिशन) अनुबंध कर्मचारी संघ हिमाचल प्रदेश के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर एनएचएम अनुबंध कर्मचारियों ने 25 जनवरी को सरकार की तरफ से कोई घोषणा न करने को लेकर अपने कार्य स्थलों पर काले बिल्ले लगाकर रोष व्यक्त किया। एनएचएम कर्मियों का कहना है कि वे स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले 25-25 वर्षों से लगातार सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
राज्य भर में 1700 कर्मचारी स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल में उतारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने स्थायी नीति और पे-स्केल निर्धारण की जोर-शोर से मांग उठाई है। राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर दो फरवरी तक काले बिल्ले लगाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, सरकार की तरफ से जल्द ही कोई निर्णय नहीं लिया जाता तो उसके बाद दो फरवरी से एनएचएम कर्मचारी सांकेतिक पैन डाउन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। शनिवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर भी एनएचएम कर्मचारियों ने काले बिल्ले लगाकर इस रोष मुहिम को लेकर एकजुटता दिखाई है। इस दौरान अंशु, अजय इंदौरिया, आशीष राणा, सुबेश कुमार, शैलजा गुप्ता, सपना, कार्तिका गुलेरिया, डॉ. दीपिका, डॉ. प्रिया शर्मा, डॉ. रिनी, सुशील कुमार, प्रदीप कुमार, प्रवीण, राजेंद्र आदि उपस्थित रहे।