धर्मशाला। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को कोविड सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में विभाग ने टेस्टिंग तेज कर दी है। विभाग की टीमें बाजारों में बिना मास्क घूम रहे लोगों व दुकानदारों की रैंडम सैंपलिंग शुरू कर दी है, जिससे ज्यादा लोगों की कोरोना जांच की जा सके और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
वहीं दूसरी ओर पुलिस की ओर से भी बाजारों में बिना मास्क घूम रहे लोगों के चालान काटे जा रहे हैं। मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने राजा का तालाब में लोगों की रेंडम सैंपलिंग की, क्योंकि सोमवार को राजा का तालाब में कोरोना के कई मामले सामने आए थे। इसके अलावा नूरपुर मिनी सचिवालय में भी कर्मचारियों के कोरोना सैंपल भरे गए हैं। विभाग का कहना है कि जिस क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के मामले अधिक आ रहे हैं, वहां पर रैंडल सैंपलिंग की जा रही है।
उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों के अनुसरा जिला कांगड़ा में कोरोना जांच बढ़ाई गई है। बाजारों में भी बिना मास्क घूम रहे लोगों की रैपिड जांच की जा रही है। अभियान के जरिये लोग जागरूक भी होंगे और मास्क का सही प्रयोग करेंगे। उन्होंने लोगों से हलके लक्षण होने पर कोरोना जांच करवाने की अपील की है।
मोबाइल टीम ने राजा का तालाब में किए टेस्ट, छह निकले पॉजिटिव
राजा का तालाब (कांगड़ा)। क्षेत्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम सीएचओ सुनीता देवी, फीमेल हेल्थ वर्कर मल्लिका देवी, आशा वर्कर सरोज बाला, तृप्ता देवी, सुदेश कुमारी की टीम ने राजा का तालाब बाजार में दुकानों पर जाकर कोविड-19 टेस्ट किए।
इस दौरान एसडीएम फतेहपुर अंकुश शर्मा, डॉ. गौरव शर्मा भी मौजूद रहे। एसडीएम ने राजा का तालाब की डाकघर गली में पुलिस टीम के साथ नाका लगाकर आने जाने वाले लोगों को रोककर उनके कोविड-19 टेस्ट करवाए। वहीं चालकों के भी टेस्ट किए। एसडीम ने इस दौरान बिना हेलमेट जा रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोककर उनसे पूछताछ की। एसडीएम अंकुश शर्मा ने लोगों से आग्रह किया कि वह उदासीन रवैया छोड़कर सतर्कता अपनाएं और प्रशासन का साथ दें। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम द्वारा किए गए कोविड-19 टेस्ट में छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।