बैजनाथ (कांगड़ा)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर आवाही नाग मोड़ के पास परिवहन निगम की बस के पहाड़ी से टकराने के कारण चार लोग आंशिक रूप से घायल हो गए। दुर्घटना को लेकर पुलिस में मामला दर्ज नहीं किया गया है। बस में दो दर्जन सवारियां सवार थीं।
जानकारी के अनुसार कुल्लू डिपो की बस कुल्लू से पठानकोट की तरफ जा रही थी कि आवाही नाग मोड़ के पास बस की ब्रेक न लगने पर चालक ने बस को मार्ग के एक किनारे बने डंगे से टकरा दिया।
डंगे से बस के टकराने के बाद बस आगे चल रहे ट्रक के साथ टकराने के बाद रुक गई। घटना में बस के आगे वाला शीशा पूरी तरह से टूट गया, जबकि ट्रक के पिछले भाग को आंशिक नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक बस को डंगे के साथ न टकराता, तब ऐसी स्थिति में बस दूसरी तरफ गहरी खाई में गिर सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था। यातायात पुलिस के इंचार्ज भगत राम ने बताया कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया गया है।