धर्मशाला। धर्मशाला के जंगलों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वीरवार देर शाम करीब 7:00 बजे धर्मशाला के साथ लगते दाड़नू के जंगल में आग लग गई। इसके चलते लाखों की वन संपदा राख हो गई। लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
हालांकि पहले कुछ ही क्षेत्र में यह आग लगी थी। लेकिन तेज हवाओं के चलते आग की लपटों ने भीषण रूप धारण कर लिया। वहीं स्थानीय लोगों ने सूचना अग्निशमन सहित वन विभाग को दी। समाचार लिखे जाने तक वन और अग्निशमन विभाग की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी। गनीमत रही कि लोगों के घर काफी दूर थे। लेकिन, वन संपदा को बड़ा नुकसान हुआ है।
मौके पर मौजूद डीएफओ धर्मशाला संजीव शर्मा ने बताया कि वन विभाग की 10 सदस्यों की टीम सहित अग्निशमन विभाग की टीम की ओर से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है।