मितरां दा बाजार चौक से सोलर लाइट की बैटरी चोरी
जवाली (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली की चलवाड़ा पंचायत के मितरां दा बाजार चौक पर लगी 15 वाट की सोलर लाइट की बैटरी चोरी हो गई है। बुधवार रात को अज्ञात चोर तकरीबन 25 हजार रुपये की लागत की सोलर लाइट की बैटरी को चोरी करके ले गए। सुबह सैर करने वाले ग्रामीणों ने जब चौक पर अंधेरा पसरा देखा तो इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी।
पंचायत प्रधान सुलक्षणा कुमारी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मौका पर पहुंचीं। जानकारी के अनुसार पंचायत में छह लाइट 12 वाट और चार लाइट 15 वाट की लगी हुई हैं। पंचायत ने लाखों रुपये खर्च कर रात्रि समय में रास्तों और चौक को चकाचौंध करने के लिए लाइटें लगाई हैं, लेकिन अब बैटरी चोरी होने का सिलसिला शुरू हो गया है। पंचायत प्रधान सुलक्षणा कुमारी ने कहा कि इससे पहले केसीसी बैंक चलवाड़ा में चोरों ने चोरी करने के बाद बैंक को आग लगा दी थी, उसके आरोपी भी अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। पंचायत ने मितरां दा बाजार में बैटरी चोरी होने की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पंचायत प्रधान सुलक्षणा कुमारी ने मांग की है कि बेटरी चोर गिरोह को अतिशीघ्र पकड़ कर सलाखों के पीछे किया जाए। इस बारे में डीएसपी जवाली मेघनाथ चौहान ने कहा कि बेटरी चोरी होने की सूचना मिली है तथा पुलिस शिकायत दर्ज करके जांच में जुट गई है।