धर्मशाला। सोशल मीडिया पर खाद्य आपूर्ति मंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार और भद्दी टिप्पणी करने पर धर्मशाला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत के माध्यम से सोशल मीडिया पर भ्रांतियां फैलाने और दुष्प्रचार करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मंडल भाजपा के जनरल सेक्रेटरी विजय शर्मा ने पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है कि 13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक फेसबुक आईडी से एक मनगढ़ंत टिप्पणी खाद्य आपूर्ति मंत्री के बारे में अपलोड हुई है। इसके अलावा एक वीडियो भी अपलोड किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वीडियो पर कई आपत्तिजनक कमेंट भी लिखे गए हैं। विजय शर्मा के अनुसार बीजेपी आईटी सेल ने जब अपने स्तर पर इसकी जांच की गई तो इस फेसबुक आईडी को फेक पाया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दुष्प्रचार और भद्दी टिप्पणी का मकसद किशन कपूर को बदनाम करना है। उन्होंने मांग की है कि इस तरह की टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। वहीं इस संदर्भ में एसएचओ धर्मशाला सुनील राणा ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।