ट्रेन के डिब्बे से टकराने से वृद्ध महिला की मौत
मारंडा (कांगड़ा)। मारंडा में एक वृद्ध महिला की मौत ट्रेन के साथ टकराने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। महिला दिमागी तौर पर अस्वस्थ बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक महिला रेल की पटरी से होकर दवाई लेने जा रही थी। मारंडा के पास पपरोला से पठानकोट जा रही ट्रेन के डिब्बे से टकरा गई। इससे महिला जगतंबा देवी पत्नी नत्थू लाल (80) निवासी दैहण की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों की मानें तो महिला दिमागी तौर पर अस्वस्थ थी। वह घर में बिना बताए कहीं भी चली जाती थी। ट्रेन के चालक श्रीपाल ने बताया कि जहां यह हादसा हुआ, वहां मोड़ था। वह बराबर हार्न बजाए जा रहा था। लेकिन, महिला की ट्रेन के डिब्बे से टकराने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने कार्यवाही कर महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।