रोजगार मेला, फ्री मेडिकल कैंप, रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा : बाली
सांस्कृतिक संध्याओं में नामी हस्तियां भी दिखाएंगी जौहर
संवाद न्यूज एजेंसी
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा में जीएस बाली की जयंती पर 24 से 27 जुलाई तक बाल मेला आयोजित किया जाएगा। मेले के भव्य आयोजन के लिए कमेटियां गठित कर दी गई हैं। शनिवार को नगरोटा बगवां के ओबीसी भवन में बाल मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए पर्यटन निगम के अध्यक्ष और कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने बताया कि 24 जुलाई को ओबीसी भवन में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
25 और 26 जुलाई को रोजगार मेला ओबीसी भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की कंपनियां आएंगी और युवाओं को रोजगार मुहैया करवाएंगी। उन्होंने कहा कि 26 और 27 जुलाई को लोगों के लिए मेडिकल कैंप का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा बगवां में किया जाएगा। इसमें लोगों का हेल्थ चेकअप नामी डॉक्टरों की ओर से किया जाएगा। फ्री टेस्ट किए जाएंगे और मुफ्त दवाई और उपकरण दिए जाएंगे। 27 जुलाई बाल मेले के दिन गांधी ग्राउंड नगरोटा में बच्चों के लिए झूले, हाथी, घोड़े की सवारी, धाम, आइसक्रीम और जलेबी आदि की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा 26 और 27 जुलाई को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 जुलाई को स्थानीय कलाकार और 27 को अन्य प्रसिद्ध कलाकार अपनी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। बाल मेला नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों का अपना मेला है और इसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के मनोरंजन के लिए ज्यादा इवेंट रखे जाएंगे इस के लिए कमेटी के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। स्वर्गीय जीएस बाली हम सभी के दिलों में हमेशा रहेंगे। यह बाल मेला हम सभी को विकास पुरुष की झलक दिखाता है।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रताप रियाड, बीडीसी अध्यक्ष अंजना, वरिष्ठ कांग्रेस सदस्य रोशन लाल खन्ना,धर्म चंद, अरुण कटोच महासचिव, अजय सिपहिया, हजारा सिंह, कैप्टन मदन,एन डी शर्मा, अमित कुमार बीडीसी उपाध्यक्ष, संतोष कुमारी बीडीसी सदस्य,कहर सिंह,अशोक गौतम, कुलदीप धीमान शहरी अध्यक्ष कुलदीप कौशल, प्रेम राणा, सोनू कटोच, सुमितर मसंद, मुनीश सभरबाल, मेहर चंद, मुकेश मेहता, बंदना, मनोनीत पाषर्द आदि शामिल रहे।