बढल बाजार में बारिश के पानी की निकासी का समाधान न होने पर लोगों ने किया किया चक्का जाम।
- फोटो : Kangra
डाडासीबा / देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बढल बाजार में स्थानीय दुकानदारों ने सड़क की मांग एवं पानी की निकासी को लेकर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ वीरवार को मोर्चा खोल दिया। गुस्साए दुकानदारों ने चक्का जाम करके लगभग एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही को रोके रखा।
कारोबारियों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले डीसी को एक पत्र भी सौंपा था। इसमें उन्होंने मांगों को पूरा न करने पर चक्का जाम करने की बात कही थी। दो साल से यहां के दुकानदार सड़क एवं पानी की निकासी की समस्या झेल रहे हैं। इसे कई बार दुकानदारों ने प्रशासन को भी बताया। कोई कार्यवाही न होते देख स्थानीय दुकानदारों ने वीरवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे वाहनों की आवाजाही को रोककर चक्का जाम कर दिया। इसकी सूचना पाते ही डाडासीबा एवं देहरा पुलिस ने मौके पर आकर दुकानदारों को समझाने की कोशिश की। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस के आगे मांग रखी कि स्थानीय पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौके पर आएं और समस्या का निपटारा करें, तभी वह सड़कों को खोलेंगे। पुलिस के आश्वासन के उपरांत लगभग एक घंटे के बाद स्थानीय दुकानदारों ने यह सड़क को खोल दी।
एसएचओ देहरा कुलदीप कुमार ने वहां मौजूद लोगों को आश्वस्त किया। पीडब्ल्यूडी देहरा के एसडीओ राजेंद्र कुमार बग्गा ने भी मौके पर पहुंच दुकानदारों से उनकी समस्या जानी। साथ ही पानी निकासी के लिए दुकानदारों को विभाग के साथ सहयोग करने की बात भी कही। एसडीओ देहरा ने स्थानीय दुकानदारों को कहा कि दो महीनों में कार्य कर दिया जाएगा तथा दुकानदारों को समस्या से जल्द ही निजात देने का प्रयास विभाग कर रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने दो टूक कहा कि अगर विभाग दो महीने में इस सड़क एवं पानी निकासी का कार्य नहीं करता है, तो स्थानीय दुकानदार विभाग के खिलाफ फिर से मोर्चा खोलेंगे। इसके साथ ही एक बार फिर से चक्का जाम किया जाएगा। इस दौरान दुकानदारों में बाल कृष्ण सोनी, सतीश, पुनीत, परमिंदर, अजय, तनु, जयपाल, मदन लाल, सन्नी, बिट्टू, नीटू, कुलदीप, संजू शर्मा, अवनी शर्मा, सोनू खान, गुलामी, रमेश शर्मा इत्यादि मौजूद रहे।