धारकंडी क्षेत्र में नई पंचायत पलोथा में गर्भवती महिला को पालकी में उठाकर ले जाते हुए ग्रामीण
- फोटो : Kangra
शाहपुर (कांगड़ा)। आजादी मिलने के 74 वर्ष बाद भी विधानसभा शाहपुर हलके के धारकंडी क्षेत्र में नई पंचायत पलोथा के लोग मरीजों को 3 किलोमीटर पैदल, पालकी या पीठ पर उठाकर अस्पताल तक पहुचा रहे हैं।
शाहपुर से मंत्री होने के बावजूद ये लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। स्थानीय लोगों ने रोष भरे लहजे में बताया कि शाहपुर से मंत्री और विधायक होने के बावजूद उनके गांव को आज दिन सड़क नहीं बन पाई है। आपातकाल में वे इसी प्रकार लोगों को कंधे और पालकी में अस्पताल पहुंचाते हैं। धारकंडी की जनता आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। सोमवार को भी एक गर्भवती महिला को पालकी में उठाकर और दूसरी औरत को पीठ पर उठाकर लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
विस चुनाव का करेंगे बहिष्कार
स्थानीय युवा संसार चंद का कहना है कि हमारा दुर्भाग्य है कि आज तक हमें अच्छा और हमारा दुख दर्द समझने वाला नेता नहीं मिला। तभी आज हमारी यह दुर्गति हो रही है। अभी तक वे वर्ष 1947 जैसा जीवन जीने को मजबूर हैं। कई बार विधायक मंत्रियों से गुहार लगाने के बावजूद भी हमें सुविधा नसीब नहीं हुई। अब पलोथा पंचायत के निवासी दुखी होकर आगे आने वाले चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
16 साल से लोग सड़क की कर रहे हैं मांग
पलोथा पंचायत के बीडीसी सदस्य मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत की जनसंख्या 1200 के करीब है। वे करीब 16 साल से मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी सरकार ने इस समस्या का समाधान नहीं किया है। इस संबंध में उन्होंने प्रशासन और सरकार को कई बार मांग पत्र दिया है, लेकिन अभी तक सड़क नहीं बन पाई है।