चंबा में ककीरा के बधाली गांव के पास पिकअप में भड़की आग से उठता धुआं। जागरूक पाठक
चुवाड़ी (चंबा)। चंबा-कांगड़ा स्टेट हाईवे पर लाहड़ू से 12 किलोमीटर आगे नाग मोड़ के समीप सड़क पर सफेद पट्टी लगाने के काम में जुटी राजस्थान नंबर की पिकअप जिप अचानक लगी आग से स्वाह हो गई।
इससे प्रभावित को करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की लपटों से जल रहे पिकअप वाहन की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग चुवाड़ी के जवानों ने जिप से गैस सिलिंडरों को कड़ी मशक्कत से बाहर सुरक्षित निकाला, लेकिन प्रचंड आग में वह वाहन को जलने से नहीं बचा पाए। वाहन में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
अग्निशमन विभाग चुवाड़ी के प्रशामक प्रदीप कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें 11:15 बजे सूचना मिली की लाहडू से आगे नाग मोड़ पर सड़क पर पट्टी लगाने के कार्य में जुटे पिकअप वाहन में अचानक आग लगने से वाहन धूं-धूं कर जल रहा है। समयानुसार यदि आग नहीं बुझाई गई तो गाड़ी में रखे गैस सिलिंडर के आग पकड़ने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम जिसमें प्रशामक प्रदीप कुमार, चालक प्रवीण कुमार, गृह रक्षक नरेंद्र पाल, अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत त्वरित कार्रवाई करते हुए आग की उठती लपटों को बुझाते हुए सबसे पहले गाड़ी के भीतर रखे गैस सिलिंडर बाहर निकाले। इसके बाद वह वाहन में लगी आग को बुझाने में जुट गए, लेकिन प्रचंड हो चुकी आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे वाहन को जलाकर राख के ढेर में बदल दिया।