धर्मशाला। जिला कांगड़ा में बुधवार को टांडा अस्पताल के पांच कर्मचारियों सहित कोरोना के 42 नए मामले सामने आए हैं। जिले में पिछले छह दिन में कोविड के 239 नए मामले आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। जिले में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 256 हो गई है।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कोविड को लेकर सभी नागरिकों को सतर्क रहना जरूरी है। सर्दी-खांसी, जुकाम होने पर कोविड टेस्ट अवश्य करवाएं।
उन्होंने बताया कि अप्रैल में 93, मई में 86 और जून में 426 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। जुलाई में छह दिन में 239 नए मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अप्रैल में कोविड पाजिटिव मामलों की दर 1.2 फीसदी, मई में 0.8 फीसदी, जबकि जून में 3.2 फीसदी रही है। जुलाई में अब तक कोविड पॉजिटिव मामलों की दर छह फीसदी से भी ऊपर है। उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में कोविड संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को फिर से जागरूक करें।