धर्मशाला के क्षेत्रीय अस्पताल में कोरोना काल में बेहतर सेवाएं देने वाले डाक्टरों और स्टाफ को सम?
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से निपटने के लिए कोविड अस्पताल के रूप में चयनित किए गए जोनल अस्पताल धर्मशाला में अब तक 2500 से अधिक संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इन मरीजों को उपचार देने में बेहतर कार्य करने पर जोनल अस्पताल धर्मशाला की ओर से करीब 260 कोरोना वॉरियर्स को सम्मानित किया गया।
कोरोना के दौरान जिला कोविड अस्पताल धर्मशाला में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर सभी डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मियों, वार्ड ब्वाय आदि ने 2500 से अधिक मरीजों की सेवा में खुद को समर्पित करके कार्य किया है। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए एमएस धर्मशाला डॉ. राजेश गुलेरी ने उन्हें सम्मानित किया। डॉ. गुलेरी ने बताया कि इसके अतिरिक्त भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना कायाकल्प के तहत अस्पताल स्टाफ के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कायाकल्प के तहत अस्पताल की गुणवत्ता सुधारने को मापदंड बनाए गए हैं, जिसके आधार पर अस्पतालों को रैंकिंग दी जाती है। इसके लिए अस्पताल में व्यवस्था, सफाई, मरीजों को बेहतर इलाज व अन्य मापदंडों की कसौटी पर खरा उतरना पड़ता है। डॉक्टर गुलेरी ने कहा कि प्रदेश भर में कायाकल्प योजना में प्रथम रहने पर वर्ष 2015-16 में जोनल अस्पताल धर्मशाला को 50 लाख का इनाम मिला, जबकि 2018-19 में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर 50 लाख रुपये मिले।
गुलेरी ने बताया कि स्टाफ के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आगामी समय में बेहतर सुविधाओं के लिए प्रेरित किया है। अब मरीजों को और अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सभी 57 टेस्ट मुफ्त में सुविधा प्रदान की जा रही है। वहीं लाल पैथ में रिवर्समेंट भी प्रदान किया जा रहा है।