हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय
सीयू में एमए के न्यू मीडिया विभाग में एससी वर्ग की सीटें खाली रहने पर प्रबंधन ने प्रवेश परीक्षा में माइनस पांच अंक लेने वाले अभ्यर्थी को दाखिला दे दिया। प्रवेश परीक्षा में निगेटिव मार्किंग होती है। ऐसे में अभ्यर्थी को परीक्षा में माइनस पांच अंक आए। एससी वर्ग की चारों सीटें खाली गईं। इस पर विवि ने इस अभ्यर्थी को प्रवेश दे दिया। हालांकि, प्रबंधन का मानना है कि सीटें खाली न रहें, इसलिए अभ्यर्थी को प्रवेश दिया है।
डिपार्टमेंट ऑफ न्यू मीडिया की ओर से जारी की गई सूची में इस अभ्यर्थी का नाम भी है। सूची में सामान्य वर्ग से सबसे अधिक 21.5 अंक लेने वाले अभ्यर्थी को शार्टलिस्ट किया गया है, जबकि 6.75 अंक अर्जित करने वाला अभ्यर्थी वेटिंग लिस्ट में हैं। वहीं दूसरी ओर एससी वर्ग के लिए आरक्षित की गई सीटों में एक सीट के लिए ऐसे अभ्यर्थी को शार्टलिस्ट किया गया है, जिसको एंट्रेंस में निगेटिव मार्किंग के कारण माइनस पांच अंक हासिल हुए हैं। इस वर्ग में अभी भी सीटें खाली रह गई हैं।
वेटिंग लिस्ट में हैं 20 अभ्यर्थी
डिपार्टमेंट आफ न्यू मीडिया की ओर से जारी की गई पहली प्रवेश सूची में सामान्य वर्ग से 20 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में स्थान दिया गया है। इसमें 6.75 अंक लेने वाला अभ्यर्थी जहां वेटिंग लिस्ट में शीर्ष पर है, वहीं माइनस एक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी को भी सामान्य वर्ग की वेटिंग लिस्ट में अंतिम 20 में स्थान दिया गया है।
सीओई का कार्य प्रवेश परीक्षा को करवाना और अभ्यर्थी की ओर से प्राप्त अंकों को संबंधित डिपार्टमेंट को भेजना होता है। इससे आगे की प्रक्रिया संबंधित विभाग की ओर से अमल में लाई जाती है।
- डॉ. सुमन शर्मा, परीक्षा नियंत्रक, सीयू।
आरक्षित वर्ग से संबंधित सीट को अभ्यर्थी के होते हुए खाली नहीं रखा जा सकता। इसके चलते निगेटिव अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी को भी आरक्षित वर्ग से शार्टलिस्ट किया गया है।
- प्रो. प्रदीप नायर, विभागाध्यक्ष, न्यू मीडिया।