केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पुष्प गुच्छ भेंट करते नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने बिहार चुनाव में भाजपा और एनडीए की जीत पर अमित शाह को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों और आपदा राहत कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
जयराम ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की और बिहार चुनाव में जीत पर शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बातचीत में जयराम ने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार आपदा राहत कार्यों में पूरी तरह विफल रही है। जिन क्षेत्रों में सड़कें टूटी थीं, वह अब भी टूटी पड़ी हैं। कई जगह बिजली और पानी की आपूर्ति स्थायी रूप से बहाल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सर्द मौसम में स्थायी इंतजामों से काम नहीं चलेगा। उन्होंने सुक्खू सरकार को दिशाहीन बताया। कहा कि सरकार बिना दूरदर्शिता के फैसले लेती है और लगातार बदलाव करती रहती है। जयराम ने हाल ही में ऊना और सोलन जिलों में हुई गोलीबारी और हत्या की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने के बजाय पत्रकारों पर दबाव बनाने में जुटी है।