हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने सिंगल विंडो और वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) सिस्टम के लिए कवायद तेज कर दी है। आयोग नई भर्तियां शुरू करने से पूर्व इस व्यवस्था को लागू करने के लिए प्रयासरत है। इस सिलसिले में आयोग और हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रानिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की बैठक 17 और 18 फरवरी को होगी। इसमें प्रोजेक्ट के तहत अब तक हुए कार्यों को कॉरपोरेशन की ओर से दर्शाया जाएगा, ताकि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद कोई किंतु-परंतु न रहे। दरअसल, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की ओर से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट प्रक्रिया को शुरू करने से पूर्व इसकी तैयारियां की जा रही हैं।
इसके तहत विभिन्न विभागों से भर्तियों की डिमांड यानी रिक्विजिशन ऑनलाइन ही ली जाएगी। इसके अलावा ओटीआर के तहत भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को कई तरह की नई सुविधाएं दी जा रही हैं। इससे अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों को बार-बार हर आवेदन के दौरान अपलोड नहीं करना होगा। एक बार यूनीक आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा और लॉगिन के आधार पर ही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। आईडी में अभ्यर्थी के तमाम दस्तावेज डिजिलॉकर की तरह सुरक्षित होंगे। इस कार्य के लिए आयोग 13 लाख से अधिक बजट खर्च कर रहा है।