हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार और गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 3 से 6 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कई जगह अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित सभी क्षेत्रों में धूप खिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 2 अप्रैल की रात से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का पूर्वानुमान है।