करीब 17 घंटे बाद सोमवार दोपहर को इस हाईवे को बहाल किया जा सका। सोमवार को शिमला में भारी बारिश हुई। धर्मशाला, ऊना के अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों में भी बादल बरसे। राज्य में 192 सड़कें, 745 जलापूर्ति योजनाएं और 65 ट्रांसफार्मर बंद रहे। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार 15 जुलाई को सोलन, शिमला और सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, शिमला और सोलन के लिए येलो अलर्ट है। 16, 17 और 18 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहेगा। 20 जुलाई तक के लिए प्रदेश भर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश: 15 जुलाई से दो माह के लिए साहसिक गतिविधियों पर प्रतिबंध, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई; जानें
कुल्लू में रविवार रात को बारिश से नदी-नाले उफान पर रहे। सोमवार को बंजार उपमंडल के टलिंगा गांव में भूस्खलन से खतरा पैदा हो गया। ग्रामीणों ने चार मकान खाली कर दिए हैं, जबकि एक मकान में मलबा घुस गया है। कांगड़ा जिले में दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। गगल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें नियमित रहीं। चंबा में पांच बिजली ट्रांसफार्मर बंद होने से 25 गांवों में अंधेरा पसर गया है। ऊना के गगरेट, हरोली और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 11 बजे जोरदार बारिश हुई। कुल्लू में खड्ड में गिरे चालक की पहचान शाहरुख (29) पुत्र ताहिर, मकान नंबर 434, चिलकाना रोड, पटनी, ग्राम पटनी, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के तौर पर हुई है।